मुंबई , जुलाई 24 -- घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स इन पांच दिनों में 2,091 अंक लुढ़क गया।
सेंसेक्स दोपहर से पहले 917 अंक गिरने के बाद काफी हद तक वापसी करता हुआ अंत में 331.62 अंक (0.43 प्रतिशत) नीचे 76,059.77 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 102.15 अंक यानी 0.43 प्रतिशत टूटकर 23,767.45 अंक पर आ गया। यह दोनों सूचकांकों का 12 जून के बाद का निचला स्तर है।
इस सप्ताह सभी पांच दिन बाजार में बिकवाली हावी रही। इस दौरान सेंसेक्स 2,091.68 अंक और निफ्टी-50 566.85 अंक कमजोर हुआ।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अमेरिका द्वारा भारत तथा अन्य देशों से आयात पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा के कारण निवेश धारणा प्रभावित हुई है।
प्रमुख सूचकांकों की तुलना में वृहत बाजार में आज दबाव कम देखा गया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.11 प्रतिशत चढ़ा जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.32 प्रतिशत गिर गया।
आईटी, मीडिया और सार्वजनिक बैंक समूहों के सूचकांक हरे निशान में रहे। ऑटो, धातु, फार्मा, रियल्टी, स्वास्थ्य, तेल एवं गैस और सीमेंट सेक्टरों में बिकवाली हावी रही।
एनएसई जिन 3,425 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,702 के शेयरों में तेजी और 1,595 में गिरावट रही। अन्य 128 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 20 के शेयर टूट गये। बजाज फाइनेंस का शेयर सबसे अधिक 2.58 फीसदी लुढ़क गया। इटरनल में 2.34 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.10, भारती एयरटेल में 1.66, एशियन पेंट्स में 1.15 और इंफोसिस में 1.03 प्रतिशत की गिरावट रही। टाटा स्टील, इंडिगो, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, अडानी पोर्ट्स, पावरग्रिड, एनटीपीसी और टाइटन के शेयर भी लाल निशान में रहे।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 2.08 प्रतिशत चढ़ा। आईटीसी, ट्रेंट, टीसीएस, एक्सिस बैंक, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी ऊपर बंद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित