मुंबई , फरवरी 24 -- अमेरिकी आयात शुल्क को लेकर नये सिरे से बनी अनिश्चितता के कारण घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक तीन सप्ताह से अधिक के निचले स्तर पर बंद हुए।

बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,068.74 अंक (1.28 प्रतिशत) लुढ़ककर 82,225.92 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 228.35 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की गिरावट में 25,424.65 अंक पर रहा। यह दोनों सूचकांकों का 02 फरवरी के बाद का निचला स्तर है।

अमेरिका में आयात शुल्क को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में गिरावट रही जिसका असर घरेलू बाजारों पर भी देखने को मिला।

मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांकों में अपेक्षाकृत कम गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.32 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.55 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

एनएसई में जिन 3,270 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,101 के शेयर गिरावट में और 1,068 के बढ़त में रहे। अन्य 101 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अततः अपरिवर्तित रहे।

अमेरिका में बीते दिन आईटी कंपनियों पर खासा दबाव रहा था। इससे निफ्टी आईटी सूचकांक 4.74 प्रतिशत टूट गया। रियलटी, रसायन और मीडिया सेक्टरों में भी ज्यादा गिरावट रही। ऑटो और निजी बैंकों के सूचकांक भी लाल निशान में रहे। धातु, एफएमसीजी, फार्मा, सार्वजनिक बैंकों, तेल एवं गैस और स्वास्थ्य सेक्टरों में तेजी रही।

सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा का शेयर 6.60 प्रतिशत टूट गया। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 6.10 प्रतिशत, इटरनल में 5.28, इंफोसिस में 3.91, टीसीएस में 3.79 और एलएंडटी में 3.59 प्रतिशत की गिरावट रही। ट्रेंट का शयेर 2.93 प्रतिशत, भारती एयरटेल का 2.83, एचडीएफसी बैंक का 1.42, बीईएल का 1.07 और आईसीआईसीआई बैंक का 1.02 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। मारुति सुजुकी, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी लाल निशान में रहे।

चौतरफा बिकवाली के बीच एनटीपीसी का शेयर 1.94 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। हिंदुस्तान यूनीलिवर, टाटा स्टील, टाइटन और पावरग्रिड में भी तेजी रही।

वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 1.82 प्रतिशत गिर गया। जापान का निक्केई और चीन का शंघाई कंपोजिट दोनों 0.87 प्रतिशत चढ़कर बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.01 प्रतिशत ऊपर था जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 0.06 फीसदी की गिरावट रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित