मुंबई , अगस्त 27 -- विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को अंतिम समय में बिकवाली तेज होने से प्रमुख सूचकांक एक सप्ताह के निचले स्तर पर बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 539.35 अंक (0.70 प्रतिशत) लुढ़ककर 76,933.59 अंक पर आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 116.90 अंक यानी 0.48 प्रतिशत नीचे 24,090.85 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का 19 अगस्त के बाद दिन का निचला स्तर है।

बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही है। विशेषकर, बाजार बंद होने से ठीक पहले प्रमुख सूचकांक अचानक तेजी से गिर गये। सेंसेक्स करीब 104 अंक की बढ़त में 77,576.76 अंक पर खुला, लेकिन कुछ ही देर में लाल निशान में चला गया। यह ऊपर 77,694.97 अंक और नीचे 76,933.59 अंक तक गया।

वृहत बाजार में भी बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.10 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.13 प्रतिशत फिसल गया।

सेक्टर आधारित सूचकांकों में बैंकिंग, एफएमसीजी, आईटी, धातु, मीडिया और तेल एवं गैस समूहों में गिरावट रही। फार्मा, स्वास्थ्य और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में तेजी देखी गयी।

एनएसई में जिन 3,619 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,159 के शेयर लाल निशान में और 1,340 के हरे निशान में रहे। अन्य 120 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित