मुंबई , मार्च 09 -- पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट रही और प्रमुख सूचकांक 10 महीने के निचले स्तर पर बंद हुए।

बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,352.74 अंक (1.71 प्रतिशत) टूटकर 16 अप्रैल 2025 के बाद के निचले स्तर 77,566.16 अंक पर आ गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 2,494 अंक गिर गया था, हालांकि बाद में इसकी गिरावट में कुछ कमी आयी।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 422.40 अंक यानी 1.73 प्रतिशत लुढ़ककर 24,028.05 अंक पर बंद हुआ जो नौ मई 2025 के बाद का निचला स्तर है।

पश्चिम एशिया में गत 28 फरवरी से जारी संकट के कारण वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में गिरावट देखी जा रही है। घरेलू शेयर बाजारों में 26 फरवरी के बाद छह कारोबारी दिवस में यह पांचवीं बड़ी गिरावट है। इन छह दिनों में सेंसेक्स 4,682.45 अंक (5.69 प्रतिशत) और निफ्टी-50 सूचकांक 1,468.5 अंक (5.76 प्रतिशत) उतर चुका है। मझौली और छोटी कंपनियों में भी बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.81 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.22 प्रतिशत गिर गया।

आईटी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में रहे। ऑटो, बैंकिंग, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस, धातु और रसायन सेक्टरों पर ज्यादा दबाव रहा।

एनएसई में जिन 3,370 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,631 के शेयर गिरावट में और 640 के बढ़त में रहे। अन्य 99 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 5.09 प्रतिशत गिर गया। मारुति सुजुकी में 4.56 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 4.39, भारतीय स्टेट बैंक में 3.92, इंडिगो में 3.83, अडानी पोर्ट्स तथा टाटा स्टील दोनों में 3.75 और कोटक महिंद्रा बैंक में 3.36 प्रतिशत की गिरावट रही।

एलएंडटी का शेयर 2.76 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 2.74 प्रतिशत, एशियन पेंट्स का 2.60, बीईएल का 2.32 और एक्सिस बैंक तथा एचडीएफसी बैंक दोनों का 2.09 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। टाइटन का शेयर 1.96 फीसदी, बजाज फिनसर्व का 1.52, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.44, पावर ग्रिड का 1.32, बजाज फाइनेंस का 1.22, आईटीसी का 1.18, टीसीएस का 1.17, इटरनल का 1.12 और एनटीपीसी का 1.05 प्रतिशत उतर गया। ट्रेंट में 0.91 प्रतिशत और भारती एयरटेल में 0.23 प्रतिशत की गिरावट रही।

रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.37 फीसदी की तेजी रही। सनफार्मा, इंफोसिस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर भी ऊपर रहे।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 5.20 प्रतिशत टूट गया। हांगकांग का हैंग सेंग 1.35 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.67 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स सूचकांक 1.75 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 1.42 प्रतिशत की गिरावट में था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित