दुबई , अक्टूबर 20 -- भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान और सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले के दौरान आईसीसी आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन करने के लिए आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई है और उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) विज्ञप्ति के अनुसार, शेफाली ने 'खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता' के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन किया। यह अनुच्छेद "अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट के उपकरणों या कपड़ों, मैदान के उपकरणों या अन्य चीजों के गलत इस्तेमाल" से संबंधित है।

24 महीने की अवधि में यह शेफाली का पहला अपराध था।

यह घटना जिम्बाब्वे की पारी के 12वें ओवर में हुई। श्री चरणी की गेंद पर चिपों मुगेरी-तिरिपानो का कैच मिड-ऑफ पर छोड़ने के बाद, शेफाली ने हताशा में गेंद को जमीन पर दे मारा। शेफाली ने अपना अपराध मान लिया और मैच रेफरी जीएस लक्ष्मी द्वारा तय की गई सजा को स्वीकार कर लिया, जिसके चलते किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित