नयी दिल्ली , अगस्त 04 -- विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि बंगलादेश की निर्वासित नेता शेख हसीना से जुड़े बुधवार को यहां होने वाले कार्यक्रम से सरकार का कोई संबंध नहीं है और यह एक निजी मीडिया संस्थान की ओर से आयोजित किया जा रहा है। भारत ने यह भी साफ किया है कि बंगलादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को बिमस्टेक के अध्यक्ष के तौर पर ब्रिक्स की बैठक के आउटरीच सत्र में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से मंगलवार को मीडिया ब्रीफिंग में यह पूछा गया था कि बंगलादेश ने कहा है कि सुश्री हसीना को भारत की जमीन से राजनीतिक भाषण देने या ऐसी गतिविधि की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए जिससे कि बंगलादेश में अस्थिरता पैदा हो। बंगलादेश का यह बयान यहां होने वाले उस कार्यक्रम से पहले आया है जिसमें सुश्री हसीना हसीना के भारत में निर्वासन के दौरान पहली बार वर्चुअल संबोधन करने की संभावना है।
प्रवक्ता ने कहा कि यह निजी मीडिया संस्थान का कार्यक्रम है और सरकार का इससे कोई लेना-देना नहीं है।
श्री जायसवाल ने कहा ," आपने जिस कार्यक्रम की बात की है, वह एक निजी मीडिया संस्थान का आयोजन है । भारत सरकार का इस आयोजन से कोई लेना देना नहीं है और साथ ही इस मंच से उठाये जाने वाले शब्दों का हम समर्थन नहीं करते हैं। हमारा इससे कोई संबंध नहीं है।"उल्लेखनीय है कि सुश्री हसीना को बंगलादेश में प्रधानमंत्री पद से अपदस्थ किये जाने के बाद से वह भारत में निर्वासित जीवन जी रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित