वाशिंगटन डीसी , अक्टूबर 20 -- बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अमेरिका से अपील करते हुए कहा है कि वह उनके देश में मानवाधिकारों की बिगड़ती स्थिति पर अधिक ध्यान दे और स्वतंत्र चुनाव, निष्पक्ष न्यायपालिका और राजनीतिक विपक्ष के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने का प्रयास करे।

सुश्री हसीना ने सेंटर फॉर यूएस-बंगलादेश रिलेशन्स की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में ऑनलाइन हिस्सा लेते हुए कहा कि बंगलादेश का आकलन संवैधानिक शासन, उचित कानूनी प्रक्रिया, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और कानून के तहत समान संरक्षण जैसे सार्वभौमिक सिद्धांतों के आधार पर किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, "मैं अमेरिका से शेख हसीना या अवामी लीग को चुनने के लिए नहीं कहती। मैं अमेरिका से लोकतंत्र चुनने की अपील करती हूं। मैं हस्तक्षेप की नहीं, बल्कि गैर-हस्तक्षेप के समर्थन की मांग करती हूं।" उन्होंने अमेरिका से स्वतंत्र और समावेशी चुनावों का समर्थन करने का आग्रह किया।

सुश्री हसीना ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के कारण किसी पूरे राजनीतिक दल को बाहर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "जब असहमति पूरे राजनीतिक दलों को बाहर करने या लाखों नागरिकों की आवाज दबाने का बहाना बन जाती है, तो लोकतंत्र जीवित नहीं रह सकता।" उन्होंने कहा कि अवामी लीग के समर्थक भी बंगलादेश के नागरिक हैं और राजनीतिक जीवन में उनके स्थान का सम्मान किया जाना चाहिए। इसी तरह, उनकी सरकार का विरोध करने वालों के अधिकारों की भी रक्षा की जानी चाहिए।

सुश्री हसीना ने कहा, "बंगलादेश का भविष्य प्रतिशोध के बजाय मेल-मिलाप की नींव पर बनाया जाना चाहिए।"उन्होंने अपनी सरकार, वर्ष 2024 की घटनाओं और उनके बाद के घटनाक्रमों को लेकर उठ रहे सवालों को स्वीकार करते हुए कहा कि वह इनका जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उनके सहित किसी भी व्यक्ति के खिलाफ लगे आरोपों का निपटारा राजनीतिक घोषणाओं के बजाय निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई के जरिए होना चाहिए।

उन्होंने कहा, "न्याय के लिए हिंसा के पीड़ितों, नुकसान झेलने वाले परिवारों, गैरकानूनी रूप से हिरासत में लिए गए लोगों और निष्पक्ष बचाव के हकदार आरोपियों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार जरूरी है। न्याय के बिना स्थायी शांति नहीं हो सकती और उचित कानूनी प्रक्रिया के बिना न्याय संभव नहीं है।"उन्होंने ऐसे राजनीतिक माहौल की मांग की, जहां चुनावों का फैसला हिंसा के बजाय मतदाता करें, पत्रकार बिना किसी डर के खबरें दे सकें, युवा स्वतंत्र रूप से आलोचना कर सकें और आर्थिक अवसर राजनीतिक संबंधों के बजाय योग्यता के आधार पर मिलें।

सुश्री हसीना ने दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच बंगलादेश की रणनीतिक स्थिति तथा बंगाल की खाड़ी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में उसके महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ देश के आर्थिक संबंध, जिनमें अमेरिकी बाजार पर निर्भर लोगों की आजीविका भी शामिल है, बंगलादेश की स्थिरता को दोनों पक्षों के लिए महत्वपूर्ण बनाते हैं।

उन्होंने अमेरिका के साथ व्यापार और निवेश संबंध मजबूत करने, शिक्षा एवं प्रौद्योगिकी में सहयोग बढ़ाने तथा सुरक्षा सहयोग को और गहरा करने की अपील की। साथ ही, उन्होंने कहा कि बंगलादेश को अमेरिका, भारत, चीन, जापान और यूरोप के साथ रचनात्मक संबंध बनाए रखने चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित