जयपुर , जून 29 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं सांसद घनश्याम तिवाडी ने यमुना जल समझौते को राजस्थान के लिए विशेषकर शेखावाटी क्षेत्र के तीन प्रमुख जिले सीकर, झुंझुनू और चूरू के लिए ऐतिहासिक समझौता बताया है।
श्री तिवाड़ी ने इस समझौते पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि शेखावटी क्षेत्र लंबे समय से पानी की कमी से जूझ रहा था। अब यमुना नदी के पानी मिलने से क्षेत्र की जल समस्या से निजात मिलेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में और केंद्रीय मंत्री सी.आर.पाटिल की मौजूदगी में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बीच इस महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर हुए।
उन्होंने बताया कि श्री शर्मा ने लगातार इस कार्य के लिए प्रयासरत रहे, उसी का परिणाम है कि अब शेखावाटी क्षेत्र को 1975 क्यूसेक यमुना जल उपलब्ध हो सकेगा, जो पांच बीसलपुर बांध जितना पानी है। इस परियोजना के तहत तीन प्रमुख बांधों की पहचान की गयी है, जिनमें पानी का संग्रहण किया जाएगा। इनमें माछल बांध भी शामिल है, जिसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वित्तीय प्रावधान सुनिश्चित किये हैं और राज्य सरकार ने इसके विकास कार्य को गति दी है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के लागू होने से अब तक केवल बारिश के मौसम में मिलने वाला पानी पूरे वर्ष उपलब्ध हो सकेगा, जिससे किसानों, पशुपालकों और आम नागरिकों को बड़ा लाभ मिलेगा। यह कदम क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
श्री तिवाड़ी ने इस ऐतिहासिक समझौते के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, श्री शर्मा और श्री सैनी आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित