चूरू , अक्टूबर 25 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार जनसेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और डबल इंजन सरकार ने शेखावाटी के सर्वांगीण विकास के लिए लंबे समय से लंबित यमुना और किशाऊ जल समझौतों का परियोजनाओं को आगे बढ़ाया है और अब शेखावाटी की यमुना के पानी की आस पूरी होगी।

श्री शर्मा रविवार को यहां चूरू जिले के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यमुना का पानी 295 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से शेखावाटी तक पहुंचाने की योजना है। किशाऊ जल समझौते से भी इस क्षेत्र में जल उपलब्धता को मजबूती मिलेगी। इन परियोजनाओं से पेयजल और सिंचाई के लिए भरपूर पानी उपलब्ध होगा।

उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनावों में पार्टी की ऐतिहासिक जीत प्रत्येक बूथ कार्यकर्ता के परिश्रम, संगठन के प्रति समर्पण और जनता से मजबूत जुड़ाव का परिणाम है। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता नगर निकाय चुनावों में मिली सफलता के बाद अब पंचायत चुनावों में भी इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटें रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम विकास संकल्प पत्र-2026 गांवों के विकास का रोडमैप है। इसके माध्यम से गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, परिवहन एवं खेल सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी पांच वर्षों में प्रत्येक ग्राम पंचायत में औसतन पांच करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता प्रत्येक गांव और ढाणी तक पहुंचकर जनता से सीधा संवाद करें तथा ग्रामीण राजस्थान के विकास के इस विजन को घर-घर तक पहुंचाएं।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये करने, सभी जिलों में दिन के समय थ्री-फेज बिजली आपूर्ति, 20 हजार नई डेयरी सहकारी समितियों की स्थापना हमारा संकल्प है। वहीं महिला सशक्तीकरण के लिए 25 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी श्रेणी में लाने तथा युवाओं को न्यूनतम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने तथा उद्योगों के माध्यम से रोजगार सृजित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। कोटपूतली-किशनगढ़ और बीकानेर-कोटपूतली एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं से शेखावाटी क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर तथा व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण और संवर्धन के साथ हेरिटेज टूरिज्म सर्किट विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकेंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित