शेखपुरा , जून 02 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को घोषणा की कि शेखपुरा जिले में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का शिलान्यास जल्द ही किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड अंतर्गत सामस बुजुर्ग पंचायत में आयोजित 'सहयोग शिविर' कार्यक्रम में 50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 62 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया, जिनमें 51 योजनाओं का उद्घाटन और 11 का शिलान्यास शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि विष्णु धाम मंदिर के सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्य के लिए जितनी भी धनराशि की आवश्यकता होगी, राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया और पर्यटन विकास निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जून माह में महिला शिक्षकों को उनके पंचायत के पास के पंचायतों में तथा पुरुष शिक्षकों को उनके प्रखंड के पास वाले प्रखंड में पदस्थापित किया जाएगा। इससे शिक्षकों की सुविधा बढ़ेगी और शिक्षा व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित