शेखपुरा, जुलाई 13 -- बिहार में शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हुसैनाबाद गांव के बघार में एक ट्रैक्ट पलट जाने से 35 वर्षीय युवक कैलू यादव की मौत हो गई।

मृतक की पहचान हुसैनाबाद गांव निवासी मित्तल यादव के पुत्र के रूप में हुई है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार वालों के बीच कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद अरियरी थाना पुलिस ने मृतक का शव जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया है।

थाना अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि हुसैनाबाद गांव के किसान लल्लू यादव गांव के ही पूरब दिशा में अवस्थित माफोचक खंधा में अपनी खेत की जुताई ट्रैक्टर से कर रहा था। खेत जुताई के दौरान उसका ट्रैक्टर खेत के गड्ढे में जा फंसा। इसके बाद उन्होंने फंसे ट्रैक्टर को निकालने में मदद के लिया कैलू यादव को बुलाया। गड्ढे में फंसे ट्रैक्टर को बाहर निकालने के लिए कैलू यादव ड्राइविंग सीट पर बैठा और इसी क्रम में ट्रैक्टर खेत में जा पलटा, जिसके नीचे वह दब गया। बाद में उसे ग्रामीणों की सहायता से उसे बाहर निकाल कर इलाज के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

थाना अध्यक्ष ने बताया कि मृतक गांव के ही सुनील यादव के ट्रेक्टर का चालक था। इस संबंध में मृतक की पत्नी अनिता देवी के लिखित शिकायत पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित