कोलकाता , जुलाई 12 -- पूर्व बर्द्धमान के भातार से भाजपा विधायक सौमेन करफा और उनके परिवार ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सुझाव पर अपनी नवजात बेटी का नाम 'सुभद्रा' रखा है।

परिवार के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने यह नाम सुझाया था।

रविवार को करफा और उनकी पत्नी के घर बेटी का जन्म हुआ।

परिवार ने मुख्यमंत्री से बच्ची का नामकरण करने का अनुरोध किया था, जिस पर श्री अधिकारी ने भगवान जगन्नाथ की बहन के नाम पर 'सुभद्रा' नाम चुना। इसके बाद परिवार ने नवजात बच्ची का नाम सुभद्रा करफा रखने का फैसला किया।

'एक्स' पर पोस्ट में श्री करफा ने लिखा, "मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि मेरे घर मां लक्ष्मी और मां अन्नपूर्णा का आगमन हुआ है। आज मुझे पुत्री रत्न की प्राप्ति हुई है।" उन्होंने लिखा, "मैंने माननीय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को इसकी जानकारी दी और अपनी बेटी का नाम रखने का अनुरोध किया। उन्होंने भगवान जगन्नाथ की बहन के नाम पर उसका नाम 'सुभद्रा' रखा। अपने आदरणीय बड़े भाई, मुख्यमंत्री के दिये नाम पर ही मैंने अपनी बेटी का नाम सुभद्रा करफा रखा है। कृपया उसे अपना आशीर्वाद दें और अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें।"परिवार के सदस्यों के अनुसार, उन्होंने पहले से सोच रखा था कि अगर बेटा हुआ तो उसका नाम 'बुबाई' या 'शुभेंदु' रखेंगे। बेटी के जन्म के बाद उन्होंने नामकरण की जिम्मेदारी पूरी तरह से मुख्यमंत्री पर छोड़ने का फैसला किया। परिवार ने श्री अधिकारी के चुने नाम पर खुशी जतायी। विधानसभा के सबसे युवा विधायकों में से एक 33 वर्षीय श्री करफा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत वामपंथी छात्र राजनीति से की थी।

स्कूली दिनों के दौरान वह स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) से जुड़े हुए थे। वर्ष 2012 में वह एसएफआई की अविभाजित बर्द्धमान जिला इकाई के सहायक सचिव बने और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) में भी सक्रिय रहे। दिसंबर 2020 में वामपंथी खेमा छोड़ दिया और भाजपा में शामिल हो गये।

श्री करफा 2021 में श्री अधिकारी के संपर्क में आये और धीरे-धीरे दोनों के बीच करीबी राजनीतिक संबंध बन गये। राजनीति के अलावा श्री करफा कई व्यवसायों से जुड़े हैं और एक पेट्रोल पंप भी चलाते हैं। उनकी शादी ने भी राजनीतिक ध्यान आकर्षित किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित