बारुईपुर , जुलाई 07 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने मंगलवार को बारुईपुर में नाबालिग लड़की के सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच का गंभीरता से जायजा लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पीड़ित परिवार से मुलाकात करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रशासन निष्पक्ष और तय समय-सीमा के भीतर जांच सुनिश्चित करेगा। श्री अधिकारी ने उस युवक के परिवार वालों से भी मुलाकात की, जिसकी मौत पीड़िता का शव मिलने के बाद मॉब लिंचिंग की घटना में हो गई थी। इस उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिद्धार्थ गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी- प्रेसीडेंसी रेंज) कंकर प्रसाद बारुई, जिला पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने जांच की खुद निगरानी करने का फैसला लेते हुए पुलिस को अपराध में शामिल हर व्यक्ति को सजा देने का निर्देश दिया है।
रविवार को एक स्थानीय तालाब से नाबालिग का शव मिलने के बाद से दक्षिण 24 परगना जिले का बारुईपुर शहर तनावपूर्ण स्थिति में है। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में तीनों आरोपियों आनंद सरदार, प्रभास मंडल और दिवाकर सरदार को गिरफ्तार किया है। शव मिलने के बाद गुस्साई भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मारे गए युवक की मौत की भी अलग से जांच चल रही है।
मुख्यमंत्री ने दौरे से पहले शांति बनाए रखने की अपील की और फोन पर पीड़ित परिवार से बात की थी। सोमवार को उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया था कि उनकी सभी मांगों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने मंगलवार को दोपहर सीधे नबन्ना से आकर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक करने से पहले पीड़िता के रिश्तेदारों से मुलाकात की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित