कोलकाता , मई 30 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को आये चक्रवाती तूफान और भारी बारिश में जान गंवाने वाले सात लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

श्री अधिकारी ने इस तबाही के बाद राज्य की शहरी एवं नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल को राहत कार्यों में तालमेल बिठाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कोलकाता और हावड़ा नगर निगमों के साथ-साथ अन्य स्थानीय निकायों के प्रमुखों को सड़कों से उखड़े हुए पेड़ों को हटाने और यातायात को जल्द से जल्द बहाल करने में हर मुमकिन मदद पहुंचाने को कहा है।

गौरतलब है कि कल कोलकाता और दक्षिण पश्चिम बंगाल के कई जिलों में 88 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आये चक्रवाती तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचायी, जिसमें सात लोगों की मौत हो गयी और विमान, मेट्रो तथा रेल सेवाओं समेत पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। शहर के साल्ट लेक, एस्प्लेनेड, दमदम, जादवपुर और बरानगर सहित कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई। एक घंटे से अधिक समय तक चली तेज हवाओं ने महानगर में सड़कों के किनारें खड़े पेड़ उखड गये कई सड़कों पर अवरोध उत्पन्न हो गए और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, खतरा अभी टला नहीं है। उन्होंने बताया कि हवाओं के रुख और बंगाल की खाड़ी से आ रही भारी नमी की वजह से अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण बंगाल में आंधी-तूफान की गतिविधियां और बढ़ने की आशंका है।

मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के छह जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ मध्यम बारिश की चेतावनी दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित