मुर्शिदाबाद , जुलाई 23 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को मुर्शिदाबाद के कर्णसुवर्ण में रेलवे क्रॉसिंग हादसे में मृत लोगों के परिवारों को पांच लाख रुपये की मदद और सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने दुख जताते हुए कहा, "मैं भारी मन से यहां आया हूं। खिलते फूलों जैसे मासूम बच्चे इस हादसे के शिकार हो गये। कोई भी शब्द परिवारों के दर्द को कम नहीं कर सकता। हम उनके साथ खड़े हैं। पैसे से ऐसे नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती। यह आर्थिक मदद सरकार की तरफ से है, मेरी तरफ से व्यक्तिगत रूप से नहीं।"मुख्यमंत्री ने हादसे के लिए रेलवे गेटकीपर को भी जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इस हादसे को टाला जा सकता था। रेलवे अधिकारियों और पुलिस की प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि गेटकीपर ने लापरवाही बरती। उन्होंने कहा, "गेटकीपर का व्यवहार पूरी तरह से गैर-जिम्मेदाराना था। यह अक्षम्य काम है और उसे कानून के तहत सबसे कड़ी सजा मिलेगी।"उन्होंने बताया कि आरोपी गेटकीपर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस को आरोपी के हिरासत में रहते हुए जांच पूरी करने और जल्द से जल्द आरोपपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने पुलिस और स्थानीय विधायक को यह सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये कि मामले पर कार्रवाई तेजी से हो ताकि आरोपी को कानून के तहत अधिकतम सजा मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित