कोलकाता , सितंबर 03 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को राज्य के फिल्म उद्योग को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त रखने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का वादा किया। यह बयान महान अभिनेता उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में कोलकाता में शुरू हुए चार दिवसीय राज्यव्यापी समारोह के दौरान दिया गया।
श्री अधिकारी ने भारतीय सिनेमा में उत्तम कुमार के योगदान को याद करने के लिए आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रमों की अगुवाई करते हुए सुबह करीब 10.30 बजे टॉलीगंज मेट्रो स्टेशन पर अभिनेता की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री से पहले वरिष्ठ अभिनेता रंजीत मल्लिक ने उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने प्रोटोकॉल के बारे में कहा, "श्रद्धांजलि देने वाला हालांकि मैं पहला व्यक्ति हूं लेकिन मुझे लगा कि जब रंजीत दा यहां मौजूद हैं तो मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए। इसलिए मैंने उनसे पहले श्रद्धांजलि देने का अनुरोध किया।"मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि बंगाल कभी देश के फिल्म उद्योग में सबसे आगे था लेकिन अब वह दक्षिणी राज्यों से पीछे छूट गया है। उन्होंने कहा, "एक समय था जब बंगाल फिल्म उद्योग में अग्रणी था लेकिन अब दक्षिणी राज्य अधिक प्रमुख हो गए हैं। इसके कई कारण हैं लेकिन मैं चाहता हूं कि बंगाल फिर से नंबर वन बने।"उन्होंने फिल्म जगत को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार फिल्म उद्योग के कामकाज में दखल नहीं देगी। उन्होंने कहा, "मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि राज्य सरकार किसी भी चीज में दखल नहीं देगी। कोई राजनीति नहीं होगी। मैं चाहता हूं कि सब कुछ पारदर्शी हो। यहां प्रतिभा है और मैं चाहता हूं कि उस प्रतिभा को सही प्रोत्साहन मिले।" श्री अधिकारी ने महान अभिनेता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए 'मन की बात' कार्यक्रम के दौरान उत्तम कुमार पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कहा, "हमारे प्रधानमंत्री भी उत्तम कुमार को लेकर बहुत उत्साहित हैं। आज उन्होंने मुझसे पहले ही अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट किया।"मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार से भव्य समारोह आयोजित करने का आग्रह करने का श्रेय प्रोसेनजीत चटर्जी, मिथुन चक्रवर्ती और देब को देते हुए कहा, "हम केवल चार दिनों तक उनकी जयंती मनाकर ही नहीं रुकेंगे बल्कि हम उन सभी इमारतों का नवीनीकरण करेंगे जिनसे उत्तम कुमार की यादें जुड़ी हैं।" बंगाली फिल्म उद्योग की कई जानी-मानी हस्तियां, जिनमें प्रोसेनजीत चटर्जी, जीत, रुद्रनील घोष, पापिया अधिकारी और देब शामिल हैं, वहां मौजूद थीं।
गौरतलब है कि आज कई और कार्यक्रम भी होंगे। श्री अधिकारी शाम चार बजे नंदन, रवींद्र सदन और आस-पास के इलाकों में एक भव्य जुलूस का नेतृत्व करेंगे। इस जुलूस में बंगाली फिल्म उद्योग की हस्तियां, लोक कलाकार और उत्तम कुमार के साथ काम करने वाले अभिनेता, अभिनेत्रियां और टेक्नीशियन शामिल होंगे। मुख्यमंत्री उत्तम कुमार के जीवन और काम पर आधारित एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे। शुक्रवार को सुबह 11 बजे न्यू टाउन में उत्तम कुमार फिल्म सेंटर की आधारशिला रखेंगे। शाम चार बजे नंदन-1 में सत्यजीत रे की फिल्म 'नायक' के साथ उत्तम कुमार फिल्म महोत्सव की शुरुआत होगी।
शाम पांच बजे रवींद्र सदन में इंडिया पोस्ट इस अभिनेता की याद में एक स्पेशल कवर और डाक टिकट जारी करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले दिन में सोशल मीडिया पर उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि दी और इस महान अभिनेता को 'एक ऐसी महान हस्ती बताया जिनकी सदाबहार अदाकारी अलग-अलग पीढ़ियों के लोगों को जोड़ती है।"श्री मोदी ने पिछले रविवार को 'मन की बात' कार्यक्रम में उत्तम कुमार के बारे में कही अपनी बातें भी साझा कीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित