मुंबई , सितंबर 21 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को यहां रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन मुकेश अंबानी से मुलाकात की और पश्चिम बंगाल में नये निवेश और मौजूदा कारोबारी गतिविधियों के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की।

रिलायंस ग्रुप के एक वरिष्ठ प्रवक्ता ने इस मुलाकात की पुष्टि करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़े कॉर्पोरेट समूहों से निवेश आकर्षित करने और राज्य में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए अनुकूल माहौल बनाने में अपनी गहरी दिलचस्पी दिखायी है।

श्री अधिकारी और श्री अंबानी के बीच यह बैठक अंबानी के आवास 'एंटीलिया' में हुई और लगभग एक घंटे तक चली। बातचीत का विवरण तुरंत उपलब्ध नहीं हो सका, लेकिन सूत्रों ने बताया कि इस बातचीत के दौरान पश्चिम बंगाल में निवेश के अवसरों और राज्य में रिलायंस की मौजूदगी बढ़ाने की संभावनाओं पर मुख्य रूप से चर्चा हुई। अंबानी ने पश्चिम बंगाल में निवेश के अवसरों को तलाशने में रुचि दिखायी। इस बैठक को राज्य सरकार की उन कोशिशों के हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है, जिनके तहत वह प्रमुख उद्योगपतियों से सीधे जुड़ रही है और बड़े कॉर्पोरेट समूहों को राज्य के आर्थिक और औद्योगिक विकास में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

रिपोर्टों के मुताबिक श्री अधिकारी ने अपनी मुंबई यात्रा के दौरान अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी से भी मुलाकात की , हालांकि इस बैठक की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।

सूत्रों के मुताबिक इन बैठकों को काफी गोपनीय रखा गया था। यहां तक कि प्रोटोकॉल की व्यवस्था में शामिल मुंबई स्थित कुछ भाजपा नेताओं को भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी नहीं थी।

पश्चिम बंगाल सरकार प्रमुख व्यापारिक घरानों के साथ जुड़कर निजी निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। राज्य की औद्योगिक नीति को मजबूत करने के प्रयासों के तहत श्री अधिकारी ने राज्य के उद्योग मंत्री तापस रॉय और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के साथ मिलकर अलग-अलग समय पर औद्योगिक प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की है।

इससे पहले 11 सितंबर को कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान श्री अधिकारी ने कहा था कि वह अंबानी से मुलाकात करेंगे क्योंकि वह राज्य के विकास में बड़े कॉर्पोरेट समूहों की अधिक भागीदारी चाहते हैं।

उन्होंने यह भी बताया था कि मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी ने उन्हें फोन किया था और अंबानी परिवार के गणेशोत्सव समारोह में आमंत्रित किया था। पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने, रोज़गार पैदा करने और औद्योगिक एवं व्यावसायिक अवसरों का विस्तार करने के राज्य सरकार के प्रयासों के बीच यह हालिया बैठक महत्वपूर्ण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित