कोलकाता , मई 11 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के सिलसिले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

गौरतलब है कि श्री रथ की छह मई को उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में दोहरिया इलाके में देर रात उनके घर से कुछ ही मिनट की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। इस हमले में उनके चालक को भी गोली लगी थी, जबकि कार में सवार एक और व्यक्ति बाल-बाल बच गया।

राज्य सीआईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार हमलावरों ने दिवंगत रथ की गाड़ी को रोकने के लिए निसान माइक्रा कार का इस्तेमाल किया, जिसके बाद मोटरसाइकिल सवार दो बंदूकधारियों ने उन्नत ग्लॉक पिस्टल से करीब से गोलियां चलाईं। इस हमले के बाद एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) के नेतृत्व में कई राज्यों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू हो गया।

पुलिस ने सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में पुष्टि की कि मध्यमग्राम पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले के सिलसिले में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।

वरिष्ठ सीआईडी अधिकारी ने कहा ''मध्यमग्राम में छह मई 2026 को चंद्रनाथ रथ की भयानक हत्या के सिलसिले में अब तक तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। खास सुरागों के आधार पर मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को बिहार के बक्सर से हिरासत में लिया गया, जबकि राज सिंह को 10 मई को उत्तर प्रदेश के बलिया से हिरासत में लिया गया। बाद में पूछताछ करने पर, तीनों को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। जांच आगे बढ़ रही है। ''सीआईडी सूत्रों ने कहा कि आरोपियों पर पेशेवर हत्यारे होने का शक है जिनकी आपराधिक पृष्ठभूमि है और पहले की लक्षित हत्याओं से उनका संबंध है। माना जा रहा है कि आरोपियों में से एक हिस्ट्री-शीटर है जिसका लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है।जांचकर्ताओं को शक है कि यह हत्या अनुबंध हत्या हो सकती है और अब वे उन लोगों की पहचान करने पर ध्यान केद्रिंत कर रहे हैं जिन्होंने हमले के लिये वित्तीय मदद की हो या आदेश दिया हो।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि जांचकर्ताओं को बैली पुल पर निसान माइक्रा कार के लिए टोल शुल्क देने के लिए इस्तेमाल किए गए खाते का पता लगाने के बाद एक बड़ी कामयाबी मिली। रिपोर्ट है कि डिजिटल साक्ष्यों से अधिकारियों को गिरफ्तारी से पहले कई राज्यों में संदिग्धों की गतिविधियों का पता करने में मदद मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित