कोलकाता , अगस्त 05 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कोलकाता के कई पुलिस स्टेशनों का औचक निरीक्षण किया और वहां की अवसंरचना, लॉक-अप सुविधाओं और जनता की शिकायतों पर की गयी कार्यवाही का जायजा लिया।
श्री अधिकारी ने सबसे पहले अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के वाटगंज पुलिस स्टेशन का दौरा किया और वहां स्थानीय पुलिस प्रशासन के कामकाज का आकलन किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान शिकायत रजिस्टर और दर्ज हुये मामलों की जांच की और पुलिस अधिकारियों से अलग-अलग शिकायतों पर की गयी कार्रवाई के बारे में जानकारी ली।
इसके साथ ही उन्होंने रजिस्टर देखते हुये अधिकारियों को शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दियें। श्री अधिकारी ने महिला हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क के रिकॉर्ड देखे, कर्तव्य पर मौजूद अधिकारियों से बातचीत की और जेल की स्थिति का जायजा लेने के लिये वहां भी गये।
मुख्यमंत्री वाटगंज के बाज इकबालपुर पुलिस स्टेशन का दौरा किया, जहां उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बातचीत करने से पहले अवसंरचना, शिकायतों के निपटारे और प्रशासनिक कामकाज की इसी तरह समीक्षा की।
मुख्यमंत्री को बाद में, अलीपुर थाना क्षेत्र के बुर्राबाजार इलाके में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों से इस पर अपडेट मांगा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्री अधिकारी शुरू में लोक निर्माण विभाग (पीडब्लयूडी) कैंप में थे और उन्हें चिनार पार्क स्थित अपने आवास पर लौटना था। हालांकि उन्होंने अपना रास्ता बदल लिया और वाटगंज और इकबालपुर पुलिस स्टेशनों का अचानक निरीक्षण करने के लिये दक्षिण कोलकाता की ओर चले गये।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद, श्री अधिकारी ने यह घोषणा की थी कि राज्य भर के हर पुलिस स्टेशन में महिला हेल्प डेस्क बनाई जायेगी। वहीं यह माना जा रहा है कि बुधवार का निरीक्षण उसी पहल के कार्यान्वयन का आकलन करने की कोशिश का हिस्सा था। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में अन्य पुलिस स्टेशनों में भी इसी तरह के अचानक दौरे जारी रहने के संकेत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित