ग्वालियर , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड परियोजना में गुरुवार को बड़ी दुर्घटना हो गयी, जब खेड़ापति कॉलोनी स्थित खेड़ापति मंदिर के पास करीब 35 फीट लंबा सीमेंट का गर्डर अचानक गिर गया। दुर्घटना में एक मजदूर घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब चार बजे पुल के एक हिस्से को स्थापित किया जा रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से गर्डर नीचे नाले में जा गिरा। गिरने के दौरान तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और कांग्रेस नेता सुनील शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। मंत्री तोमर ने कहा कि यह गंभीर घटना है और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस नेता सुनील शर्मा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि यह आम रास्ता है और यदि मार्ग बंद नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया गया है कि यह एलिवेटेड रोड केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसे आगरा की पीएनसी कंपनी द्वारा लगभग 1300 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार जिस मार्ग पर हादसा हुआ, उसे निर्माण कार्य के चलते पहले ही बंद कर दिया गया था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित