नयी दिल्ली , सितंबर 12 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दावों की गुजरात में ही पोल खुल गई है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दशकों लंबे शासन के बावजूद पानी के 10 में से नौ नमूने पीने योग्य नहीं हैं और 14 लाख घरों को आज भी नल से पानी का इंतजार है।

श्री खरगे ने कहा कि जब श्री मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब 2004 में 'सुजलाम-सुफलाम' योजना का जोर-शोर से प्रचार किया गया था और प्रधानमंत्री बनने के बाद वही जुमलेबाजी 'जल जीवन मिशन' तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि कैग ने 2022 में गुजरात सरकार के शत-प्रतिशत नल कनेक्शन के दावे की पोल खोल दी थी।

उन्होंने कहा कि अहमदाबाद जिले के धोलका में पिछले सप्ताह दूषित पानी पीने से कैंसर के कारण 54 लोगों की मौत की खबर आई है। सौराष्ट्र में राजकोट और जामनगर जैसे इलाके आज भी पेयजल के लिए तरस रहे हैं, जबकि कच्छ-सौराष्ट्र के किसान सूखे से जूझ रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गुजरात की जनता को 2047 के 'विकसित भारत' का सपना दिखाया जा रहा है लेकिन 28 साल के भाजपा शासन ने केवल झूठा प्रचार और रंगीली तस्वीरें दिखाकर जनता की आंखों में धूल झोंकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में न 'सुजलाम' यानी शुद्ध पानी है और न 'सुफलाम' यानी भरपूर फल व उपजाऊ फसलें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित