नयी दिल्ली , सितंबर 03 -- कांग्रेस ने कहा है कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ कितनी ही प्राथमिकी दर्ज करा दी जाएं, वह इससे डरने वाले नहीं हैं और हल्द्वानी के 'शुद्धिकरण' मामले में दर्ज प्राथमिकी भी उनके लिए एक मेडल की तरह है।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने गुरुवार देर रात पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से उनके आवास पर मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा कि श्री गांधी खुद कह चुके हैं कि यह प्राथमिकी उनके लिए एक मेडल है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ कितनी प्राथमिकी हैं लेकिन हर दिन अदालतें उन प्राथमिकी को खारिज कर रही हैं। ये लोग अलग दुनिया में हैं और सोचते हैं कि प्राथमिकी दर्ज करने से श्री गांधी डर जाएंगे लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है।
श्री वेणुगोपाल ने श्री खरगे के शुद्धिकरण मामले में लिखे पत्र को लेकर केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा पर भी निशाना साधा और कहा कि श्री नड्डा को अब माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्री नड्डा ने संसद में देश से जो कहा था वह उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरा नहीं किया। या तो वह सक्षम नहीं हैं या फिर वह भी संघ परिवार के रास्ते पर जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित