चंडीगढ़ , अगस्त 27 -- हरियाणा के सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी जनसभा के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण' को गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जाति के आधार पर किसी व्यक्ति को अपमानित या हीन महसूस कराने वाली सोच का लोकतांत्रिक भारत में कोई स्थान नहीं है। इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

कुमारी सैलजा ने कहा कि श्री खरगे ने संसद में इस घटना का उल्लेख करते हुए इसे छुआछूत से जोड़कर अपना अपमान बताया है। ऐसे में मामले को केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। सार्वजनिक जीवन में किसी व्यक्ति की जाति, धर्म या सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना संविधान में निहित समानता और सामाजिक न्याय की भावना के विपरीत है।

उन्होंने उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की ओर से कथित 'शुद्धिकरण' के समर्थन में दिए गए बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार राजनीतिक पदों पर बैठे लोगों को भेदभाव समाप्त करने और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने वाली भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित