पातड़ां , जुलाई 30 -- पंजाब के जल संसाधन तथा मृदा एवं जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने गुरुवार को शुतराना विधानसभा क्षेत्र के गांव बुटा सिंह वाला और बादशाहपुर में नहरी सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार पूरे राज्य में नहरी सिंचाई का दायरा लगातार बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि शुतराना क्षेत्र में 80.35 करोड़ रुपये की लागत से 137.13 किलोमीटर लंबी नहरों, डिस्ट्रीब्यूटरी और सब-माइनरों का नवीनीकरण किया गया है, जिससे 56 गांवों की लगभग 68,500 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 8.89 करोड़ रुपये की लागत से 53.9 किलोमीटर पाइपलाइन बिछायी गयी है, जिससे 18 गांवों की करीब 9,302 एकड़ भूमि तक नहरी पानी पहुंचाया गया है।

बादशाहपुर में घग्गर नदी के तटबंधों को मजबूत करने के कार्यों का निरीक्षण करते हुए श्री गोयल ने बताया कि 2.46 करोड़ रुपये की लागत से संवेदनशील स्थानों पर पत्थर और वायर मेश लगाकर तटबंधों को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि ड्रेनेज विभाग द्वारा किये गये बाढ़ सुरक्षा कार्यों से तटबंध काफी मजबूत हुए हैं तथा खनौरी की तर्ज पर बादशाहपुर में भी नदी जलस्तर मापक (रिवर गेज) स्थापित किया जाएगा।

शुतराना के विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और मंत्री बरिंदर कुमार गोयल का किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के हजारों किसानों को नियमित सिंचाई सुविधा मिलेगी और कृषि क्षेत्र को नयी मजबूती प्राप्त होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित