श्रीगंगानगर , जनवरी 30 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के केसरीसिंहपुर के समीप कमीनपुरा गांव स्थित द गंगानगर सरकारी शुगर मिल द्वारा 15 जनवरी तक खरीदे गए गन्ने का भुगतान कर दिया गया है।

शुगर मिल के सहायक महाप्रबंधक सुधीर कुमार ने शुक्रवार को बताया कि मिल ने 1104 किसानों के लिये 11 करोड़ छह लाख रुपए जारी कर दिये हैं। यह राशि किसानों के खातों में आनी शुरू भी हो गई है। इससे किसानों को बड़ी राहत मिली है। वहीं, मिल भी अनवरत बिना रुकावट के 14 हजार क्विंटल प्रति दिन पिराई क्षमता से चल रही है।

उन्होंने बताया कि अब तक पांच लाख क्विंटल गन्ने की पिराई की जा चुकी है। मिल पूरी रफ्तार से चल रही है। किसानों को 15 जनवरी तक खरीद किए गन्ने का भुगतान कर दिया गया है। अब 15 दिनों के अंतराल से आगामी भुगतान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित