हैदराबाद , अगस्त 22 -- तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने शनिवार को शहर की श्रीनगर कॉलोनी स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर में देवी ललिता त्रिपुर सुंदरी की पूजा-अर्चना की और 'श्री विद्या कोटि कुमकुमार्चना महायज्ञ' में भाग लिया।

श्री शुक्ला ने कामना की कि जगतमाता ललिता त्रिपुर सुंदरी देवी का दिव्य आशीर्वाद देश की जनता और श्रद्धालुओं पर बना रहे।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय महिलाएं जिस श्रद्धा और भक्ति के साथ कुमकुमार्चना जैसे आध्यात्मिक अनुष्ठान करती हैं, वह भारत की समृद्ध सनातन परंपराओं को दर्शाता है।

उन्होंने देश की प्रगति, विश्व शांति, लोक कल्याण और सभी लोगों के सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

दो दिवसीय महायज्ञ वाराणसी के स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। इसमें ललिता सहस्रनाम के एक करोड़ पाठ और महा कुमकुमार्चना की जा रही है।

यह महायज्ञ देशभर में आयोजित किए जा रहे इस तरह के कार्यक्रमों की 58वीं कड़ी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित