जयपुर , अगस्त 11 -- रेलवे द्वारा अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए 14 अगस्त को जोधपुर-रामदेवरा-भगत कोठी (एक ट्रिप) स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जायेगा।

उत्तर- पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाडी संख्या 04867, जोधपुर-रामदेवरा स्पेशल रेलसेवा 14 अगस्त को (एक ट्रिप) जोधपुर से 09.30 बजे रवाना होकर 13.00 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में राई का बाग, मंडोर, मारवाड़ मथानियां, तिवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट एवं फलौदी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04868, रामदेवरा-भगत की कोठी स्पेशल रेलसेवा 14 अगस्त को (एक ट्रिप) रामदेवरा से 14.00 बजे रवाना होकर 17.30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में फलौदी, मारवाड़ लोहावट, ओसियां, तिवरी, मारवाड़ मथानियां, मंडोर, राई का बाग और जोधपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस रेलसेवा में आठ साधारण श्रेणी सहित कुल 10 डिब्बे होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित