मुंबई , जनवरी 25 -- घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह रही जबरदस्त गिरावट के कारण बीएसई की शीर्ष 10 में शामिल नौ कंपनियों का सम्मिलित बाजार पूंजीकरण (एमकैप) 2,51,712 करोड़ रुपये घट गया।

सप्ताह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 96,960 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का 48,645 करोड़ रुपये कम हुआ। हालांकि रिलायंस इंडस्ट्रीज 18,75,533 करोड़ रुपये के साथ अब भी शीर्ष पर है।

एचडीएफसी बैंक का एमकैप 22,923 करोड़ रुपये घटकर 14,09,612 करोड़ रुपये रहा गया। इस मामले में वह दूसरे स्थान पर बरकरार रही। भारती एयरटेल का एमकैप 17,534 करोड़ रुपये और सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टीसीएस के एमकैप में 16,589 करोड़ रुपये की गिरावट रही। टीसीएस भी तीसरे स्थान पर कायम है।

निर्माण एवं इंजीनियरिंग कंपनी एलएंडटी का एमकैप 15,248 करोड़ रुपये और बजाज फाइनेंस का 14,094 करोड़ रुपये घट गया। भारतीय स्टेट बैंक के बाजार पूंजीकरण में 11,908 करोड़ रुपये और इंफोसिस में 7,811 करोड़ रुपये की कमी आयी है।

शीर्ष 10 कंपनियों में सिर्फ हिंदुस्तान यूनीलिवर ही ऐसी रही जिसका बाजार पूंजीकरण सप्ताह के दौरान बढ़ा है। इसमें 12,312 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित