चंडीगढ़ , नवंबर 10 -- हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम के सेक्टर-102 स्थित श्री शीतला माता देवी मेडिकल कॉलेज एवं शिक्षण अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों और पांच लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले पात्र परिवारों को इलाज पर विशेष रियायत और सब्सिडी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को चंडीगढ़ में आयोजित बैठक में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के संचालन एवं रखरखाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों को जरूरतमंद मरीजों के लिए किफायती उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

श्री सैनी ने अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी स्थापित करने के निर्देश भी दिए। इससे मरीजों और उनके परिजनों को उचित कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ दवाओं की उपलब्धता भी आम लोगों की पहुंच में होनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित