भोपाल/ग्वालियर , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ग्वालियर के शीतला माता मंदिर हादसे को लेकर प्रदेश सरकार और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर साइकिल ले जाने तक पर प्रतिबंध था, वहां ट्रक कैसे पहुंच गया। उन्होंने हादसे की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, श्री पटवारी ने ग्वालियर पहुंचकर हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने रिम्स अस्पताल में भर्ती घायलों से भी मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य तथा उपचार की जानकारी ली।
श्री पटवारी ने कहा कि मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद उनकी सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी किस स्तर पर हो रही थी, यह स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हादसे में कई लोगों की जान जाने से परिवारों को अपूरणीय क्षति हुई है। ऐसे में सरकार को घटना की जिम्मेदारी तय कर यह बताना चाहिए कि दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि हादसे में घायल लोग चार-चार घंटे तक इलाज के लिए इंतजार करते रहे। उन्होंने कहा कि संकट के समय घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलना जरूरी है। सरकार को प्रभावित परिवारों को उचित सहायता देने के साथ घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
श्री पटवारी ने कफ सिरप से बच्चों की मौत, जहरीली शराब की घटनाओं और इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का उल्लेख करते हुए प्रदेश में नागरिकों की सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी लोगों को सुरक्षित वातावरण, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और संकट के समय त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने मांग की कि हादसे में प्रशासनिक लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित