जालना , अगस्त 14 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि मतदाताओं ने एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-एपी) को मान्यता देकर 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में अपना फ़ैसला पहले ही सुना दिया है।

श्री फडणवीस ने यहां पत्रकरों से बातचीत के दौरान शिवसेना के नाम और उसके 'धनुष-बाण' चुनाव चिह्न को लेकर शीर्ष न्यायालय में लंबित मामले के बारे में पूछे जाने पर कहा कि पार्टियों की पहचान और चुनाव चिह्नों को लेकर चल रहे कानूनी विवादों में शीर्ष न्यायालय भी इसी तरह का निष्कर्ष निकालेगा। उन्होंने कहा " शीर्ष न्यायालय अपना उचित फ़ैसला देगा , हालांकि जनता की अदालत ने 2024 के विधानसभा चुनावों में ही अपना फैसला सुना दिया था और इस बात पर अपनी मुहर लगा दी है कि शिवसेना एकनाथ शिंदे की है और राकांपा अजित पवार की है।"उन्होंने कहा कि अब सबकी नजरें शीर्ष न्यायालय के फैसले पर टिकी हैं और उन्हें भरोसा है कि वह भी ऐसा ही फैसला सुनायेगी।

उन्होंने जोर दिया कि हालांकि कानूनी मुद्दों पर अंतिम फैसला शीर्ष न्यायालय को करना है, लेकिन 2024 के चुनावी जनादेश ने पहले ही यह संकेत दे दिया था कि किन गुटों को मतदाताओं का समर्थन मिला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित