नागपुर , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश में लखनऊ के कारोबारी और कैफे मालिक शिव शर्मा की कथित हत्या के मामले में मुख्य आरोपी फैशन मॉडल श्रद्धा दुबे को बुधवार को नागपुर की एक अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आगे की जांच और कानूनी कार्यवाही के लिए उसे लखनऊ ले जाने की खातिर ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दी।
श्रद्धा को मंगलवार को उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश के साथ नागपुर में गिरफ्तार किया गया था। उत्तर प्रदेश विशेष कार्यबल (यूपीएसटीएफ) और लखनऊ पुलिस ने 11 दिनों तक तलाश अभियान चलाने के बाद संयुक्त कार्रवाई में तीनों को गिरफ्तार किया।
तीनों फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। कई स्थानों पर छापेमारी के बाद उनका पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
श्री शर्मा की मां रंजना शर्मा की शिकायत के बाद नौ अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित