बैतूल , फरवरी 15 -- महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मध्यप्रदेश में बैतूल जिले सहित आसपास के क्षेत्र में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शिव धाम सालबर्डी में आज रविवार को लगभग दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है। सुबह से ही मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंज रहा है और दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं।

जिला मुख्यालय बैतूल, मुलताई तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के दूर-दराज इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सालबर्डी पहुंच रहे हैं। प्रशासन के अनुसार शाम तक श्रद्धालुओं की संख्या दो लाख के पार जा सकती है।

ग्रामीण क्षेत्रों से कई श्रद्धालु पारंपरिक बैलगाड़ियों से पहुंचे, जबकि हजारों लोग दुपहिया, कार और बसों के माध्यम से मंदिर तक पहुंचे। अनेक शिवभक्त कंधों पर त्रिशूल रखकर और जयकारे लगाते हुए पैदल यात्रा कर सालबर्डी पहुंचे।

भीड़ को देखते हुए मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की पुलिस संयुक्त रूप से तैनात है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीओपी एस.के. सिंह और थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग कर अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। यातायात, पेयजल, चिकित्सा और एम्बुलेंस की विशेष व्यवस्था की गई है।

महाशिवरात्रि पर सालबर्डी सहित मुलताई क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजन-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। शाम को शिव धाम सालबर्डी में भव्य महाआरती आयोजित होगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित