मुंबई , अक्टूबर 31 -- शेमारूमी की नई हिंदी ओरिजिनल सीरीज 'एक कन्या कुँवारी' में मशहूर रिश्ता विशेषज्ञ सीमा तपारिया शिवानी दवे के लिए उपयुक्त जीवनसाथी की तलाश करती नजर आएंगी।शेमारूमी ने अपनी गुजराती ड्रामेडी सीरीज 'एक कन्या कुँवारी' के लिए सीमा तपारिया के साथ साझेदारी की है। सीरीज में सीमा अपनी विशेषज्ञता के जरिए शिवानी के लिए सही जीवनसाथी तलाशने में मदद करेंगी।
सीरीज की कहानी शिवानी दवे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पारंपरिक तरीके से होने वाली शादी यानी अरेंज्ड मैरिज की प्रक्रिया के दौरान कई संभावित जीवनसाथियों से मिलती हैं। इस दौरान उन्हें रिश्तों, पारिवारिक अपेक्षाओं, पसंद-नापसंद और अलग-अलग विचारों से रूबरू होना पड़ता है।
रिश्ते तय करने के अपने खास अंदाज के लिए मशहूर सीमा तपारिया लोगों की शख्सियत, पारिवारिक पृष्ठभूमि और उनकी अपेक्षाओं को समझते हुए शिवानी के लिए उपयुक्त रिश्ता तलाशेंगी। उनकी मौजूदगी से सीरीज में वास्तविक जीवन के अनुभवों और मनोरंजन का मेल देखने को मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित