कोल्हापुर , अप्रैल 23 -- अपने विवादित बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाले शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक संजय गायकवाड़ ने गुरुवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर के किताबों के प्रकाशक प्रशांत आंबी को जान से मारने की धमकी दी।
विधायक का आरोप है कि श्री आंबी ने एक पुस्तक प्रकाशित की थी, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किया गया है। इस विवाद की जड़ में 'शिवाजी कौन थे?' नामक पुस्तक है, जिसे दिवंगत गोविंद पानसरे ने लिखा और इसका प्रकाशन दशकों पहले हुआ था।
रिपोर्ट के अनुसार, श्री गायकवाड़ ने हाल ही में पुस्तक के शीर्षक पर आपत्ति जतायी और श्री आंबी को फोनकर कथित तौर पर अपशब्द कहे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो क्लिप में श्री गायकवाड़ को अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते और धमकी देते सुना जा सकता है। उन्होंने लेखक गोविंद पानसरे के बारे में भी आपत्तिजनक टिप्पणी की।
जवाब में प्रकाशक श्री आंबी ने स्पष्ट किया कि वह केवल पुस्तक के प्रकाशक हैं, लेखक नहीं। उन्होंने बतायाकि यह पुस्तक मूल रूप से 1988 में प्रकाशित हुई थी और इसका उद्देश्य शिवाजी महाराज का अपमान करना कतई नहीं है। श्री आंबी ने विधायक से आग्रह किया कि आरोप लगाने से पहले वह पूरी पुस्तक पढ़ लें।
श्री गायकवाड़ ने हालांकि कथित तौर पर अपनी धमकियां जारी रखीं, जिसका श्री आंबी ने भी दृढ़ता से जवाब दिया। यह पहली बार नहीं है जब शिवसेना नेता (शिंदे गुट) नेता श्री गायकवाड़ विवादों में घिरे हैं। इससे पहले उन पर विधायक निवास के एक कैंटीन कर्मचारी के साथ भोजन की गुणवत्ता को लेकर मारपीट करने का आरोप लगा था। पार्टी नेतृत्व के हस्तक्षेप के बावजूद, उनके आचरण पर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
'विश्व पुस्तक दिवस' के अवसर पर सामने आयी इस घटना ने राज्य के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित