पटना , जून 07 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस के अवसर पर कहा कि उन्होंने भारत में स्वराज, सुशासन और राष्ट्रीय स्वाभिमान की भावना को सशक्त आधार प्रदान किया।

डॉ. कुमार ने कहा कि 06 जून 1674 को महान राष्ट्रनायक छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ था। यह भारतीय इतिहास की एक गौरवशाली घटना है। उन्होंने कहा कि महाराज ने अपने साहस, दूरदर्शिता और कुशल प्रशासन से भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा की और उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज के आदर्शों को अपनाकर ही विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प साकार किया जा सकता है।

विधानसभा के माननीय अध्यक्ष ने कहा कि आज ही राष्ट्रीय चश्मा तथा विश्व कीट दिवस है। उन्होंने कहा कि चश्मा दिवस याद दिलाता है कि स्वस्थ दृष्टि मानव जीवन की अमूल्य संपदा है। वर्तमान समय में मोबाइल, कंप्यूटर और डिजिटल उपकरणों के बढ़ते उपयोग के कारण आंखों से संबंधित समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। नियमित नेत्र जांच, संतुलित आहार तथा आंखों की उचित देखभाल से दृष्टि संबंधी अनेक समस्याओं को रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर जांच कराने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित