शिवहर , सितंबर 06 -- बिहार में शिवहर जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के लालगढ़ योगिया गांव में बदमाशों ने घर में घुसकर मां-बेटी को गोली मार दी। इस हादसे में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घायल महिलाओं की पहचान लालगढ़ योगिया गांव निवासी करीब 55 वर्षीय राजकुमारी देवी और उनकी 16 वर्षीय पुत्री रोशनी कुमारी के रूप में की गयी है।

घटना शनिवार देर शाम की बतायी जाती है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में श्यामपुर भटहां थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग को वजह मान रही है।

पुलिस अधीक्षक श्री सिंह कहा कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित