पटना , अक्टूबर 19 -- शिवहर जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र में पुलिस ने गश्ती के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मानपुर निवासी अविनाश कुमार के रूप में की गयी है।
पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
श्री सिंह ने बताया कि 19 अक्टूबर को श्यामपुर भटहां थाने की पुलिस गश्ती कर रही थी। इसी दौरान मानपुर चौक के समीप अपाची बाइक पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किये गये।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अविनाश कुमार, पिता शंभु कुमार सिंह, निवासी मानपुर, थाना श्यामपुर भटहां, जिला शिवहर के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित