शिवहर , जून 28 -- िहार के शिवहर जिले में रविवार से पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने शहर के व्यस्त जीरो माइल चौक पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवन रक्षक दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी के पूर्ण उन्मूलन के लिए शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।उन्होंने बताया कि यह अभियान 28 जून से 02 जुलाई 2026 तक चलेगा। सभी अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं तथा अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के पहले दिन जिले के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें पोलियो की खुराक देंगी,जिससे कोई भी बच्चा इस जीवन रक्षक दवा से वंचित न रहे।

अभियान के तहत जिले में 1,11,087 घरों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि 1,13,929 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए 285 टीमें गठित की गई हैं तथा निगरानी के लिए 82 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।

शुभारंभ कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सा कर्मी तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि अभियान के दौरान शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, जिससे कोई भी बच्चा इस अभियान से छूटने न पाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित