मुंबई , नवंबर 07 -- महाराष्ट्र की महायुति सरकार में शामिल शिवसेना के नेताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किये जा रहे भेदभावपूर्ण रवैये को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है।

रिपोर्टों के अनुसार शिवसेना के कई सांसदों, विधायकों और पार्षदों ने राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर शिकायत दर्ज करायी है कि भाजपा पिछले एक वर्ष से सरकारी समारोहों और आधिकारिक कार्यक्रमों में उनके प्रतिनिधियों को व्यवस्थित रूप से दरकिनार कर रही है। नेताओं ने सत्तारूढ़ गठबंधन में साझेदार होने के बावजूद सौतेले व्यवहार पर नाराजगी जतायी है।

उन्होंने ध्यान दिलाया कि संविधान संरक्षण मार्च, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के अनावरण, कोलाबा में घर की चाबियां बांटने के कार्यक्रम और मुख्यमंत्री के आधिकारिक निवास 'वर्षा' में आयोजित सूखा समीक्षा बैठक सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रमों से शिवसेना प्रतिनिधियों को दूर रखा गया। प्रभावित नेताओं ने सवाल उठाया कि जब उनकी पार्टी के प्रतिनिधियों को उचित सम्मान और महत्व नहीं दिया जा रहा है, तो गठबंधन में रहने का क्या औचित्य है? उन्होंने यह चिंता भी जतायी कि प्रशासनिक अधिकारी शिवसेना नेताओं की उपेक्षा कर रहे हैं और केवल भाजपा नेताओं के निर्देशों पर काम कर रहे हैं।

शिवसेना नेताओं ने इस स्थिति पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए पूछा कि प्रशासनिक अधिकारियों को हमारे प्रतिनिधियों की अनदेखी करने और केवल भाजपा नेताओं की सुनने का अधिकार किसने दिया है?श्री शिंदे ने इन शिकायतों को सुना और नेताओं को आश्वासन दिया कि इसका उचित समाधान निकाला जायेगा। उन्होंने नेताओं से चिंता न करने का आग्रह किया और उनकी समस्याओं को हल करने का वादा किया। यह ताजा शिकायत हाल के महीनों में भाजपा और शिवसेना के बीच हुए मतभेदों की शृंखला के बीच आयी है। मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल के ऑडियो क्लिप चलाये जाने के बाद दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया था, जिसमें कुछ लोग उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को साधने के लिए 500 करोड़ रुपये देने की चर्चा कर रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित