जांजगीर-चांपा , अक्टूबर 02 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण-खैरताल मार्ग के मजबूतीकरण एवं पुल-पुलिया निर्माण के लिए 22 करोड़ आठ लाख 59 हजार रुपये की शासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

विभाग से आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार लगभग 11.70 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के मजबूतीकरण के साथ आवश्यक पुल-पुलियों का निर्माण किया जाएगा। सड़क के उन्नयन से शिवरीनारायण और खैरताल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।

राज्य सरकार के मुताबिक क्षेत्र में इस सड़क के निर्माण और मजबूतीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में इस कार्य को स्वीकृति दी गई है। जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में सड़क अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित