नयी दिल्ली , अगस्त 19 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को गुजरात और सिक्किम के कृषि मंत्रियों के साथ एक वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना' और 'कृषोन्नति योजना' की प्रगति की समीक्षा की गई, साथ ही स्वीकृत राशि के समयबद्ध उपयोग और पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने दोनों राज्यों के लिए कुल 275.52 करोड़ रूपये जारी करने का निर्णय लिया। इसके तहत गुजरात को 224.94 करोड़ रूपये दिए जायेंगे। इसमें से पीएम-आरकेवीवाई के लिए 181.62 करोड़ रूपये और कृषोन्नति योजना के लिए 43.32 करोड़ रूपये दिए जायेंगे। सिक्किम को 50.58 करोड़ रूपये आवंटित किए गए हैं। इनमें से पीएम-आरकेवीवाई के लिए 47.37 करोड़ रूपये और कृषोन्नति योजना के लिए 3.21 करोड़ रूपये दिए गए हैं।

यह राशि किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादकता में सुधार लाने, आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने और बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने में सहायक होगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार कृषि को अधिक मजबूत, आधुनिक और लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। गुजरात में इन योजनाओं के जरिए सूक्ष्म सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण, जैविक खेती, मृदा एवं जल संरक्षण, बीज सामग्री, डिजिटल कृषि और तिलहन-दलहन मिशन को गति मिलेगी। वहीं सिक्किम में राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुकूल टिकाऊ खेती, जैविक और प्राकृतिक कृषि, बागवानी तथा पोषण सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित