सीहोर , अक्टूबर 30 -- केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी श्रीमती काशी बाई का शुक्रवार सुबह भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान निधन हो गया।
उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक भोपाल में साकेत नगर स्थित उनके निवास 9-बी में रखा गया। इसके बाद पार्थिव शरीर उनके पैतृक ग्राम जैत, जिला सीहोर के लिए रवाना हो गया, जहां अपराह्न तीन बजे अंतिम संस्कार किया गया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान के परिजनों के साथ हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें। वही प्रदेश सरकार के मंत्री और भाजपा संगठन सहित विपक्षी राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित