देहरादून , फरवरी 24 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा को लेकर एक बैठक हुई, जिसमें प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
बैठक में केंद्र पोषित कृषि योजनाओं में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन तथा नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग और कृषि उन्नति योजना की उत्तराखंड में प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गणेश जोशी ने उन्हें बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत प्रथम किस्त 178 करोड़ रुपये के सापेक्ष 75 प्रतिशत से अधिक धनराशि व्यय किए जाने के फलस्वरूप भारत सरकार ने दूसरी किस्त जारी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि शेष धनराशि 31 मार्च तक पूर्ण रूप से व्यय कर ली जाएगी। इसी प्रकार कृषि उन्नति योजना के तहत 58 करोड़ रुपये की प्रथम किस्त के सापेक्ष 75 प्रतिशत से अधिक व्यय किया जा चुका है तथा द्वितीय किस्त की मांग भेज दी गई है। दूसरी किस्त प्राप्त होने पर मार्च 2026 तक संपूर्ण धनराशि व्यय कर ली जाएगी।
कृषि मंत्री ने बताया कि डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन और नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि का भी मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित