नयी दिल्ली/सतारा , मई 15 -- कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के सतारा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत पूर्ण हुए पांच लाख ग्रामीण आवासों में लाभार्थी परिवारों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए राज्य के लिए 8,368.50 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता देने की घोषणा की है।

श्री चौहान ने शुक्रवार को सतारा में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि केंद्र सरकार का संकल्प है कि कोई भी गरीब कच्चे मकान में न रहे और प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक पक्की छत उपलब्ध हो। श्री चौहान ने कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से पांच लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी सौंपीं और कहा कि महाराष्ट्र ने रिकॉर्ड समय में पांच लाख ग्रामीण आवास पूर्ण कर उत्कृष्ट कार्य किया गया है।

उन्होंने कहा कि जिन पात्र परिवारों के नाम अब तक योजना से छूट गए हैं, उन्हें सर्वे और सत्यापन के बाद आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल मकान बनाना नहीं, बल्कि बिजली, पानी, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं के साथ ग्रामीण जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के तहत 122.98 करोड़ रुपये की लागत वाली 35 सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति भी सौंपी गई। राज्य में 95.99 किलोमीटर लंबी इन परियोजनाओं से 35 ग्रामीण बसावटों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य को रिकॉर्ड 30 लाख आवासों की स्वीकृति मिली है और बेघर-मुक्त महाराष्ट्र के लक्ष्य की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित