चंडीगढ़ , सितंबर 19 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब में नशे की समस्या को गंभीर बताते हुए लोगों से इसके खिलाफ निर्णायक लड़ाई में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने शनिवार को यह बात सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी वीडियो संदेश में कही।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से 'भाजपा का नारा, नशा मुकाना सारा' अभियान के तहत 18 से 30 सितंबर तक 'नशामुक्त पंजाब यात्रा' निकाली जा रही है। अभियान की शुरुआत 18 सितंबर को पठानकोट के माधोपुर से हुई। इसके तहत राज्य में चार स्थानों से यात्राएं निकाली जा रही हैं।
श्री चौहान 21 सितंबर को तलवंडी साबो स्थित तख्त श्री दमदमा साहिब में माथा टेकने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ चौथी यात्रा को रवाना करेंगे। उन्होंने कहा कि नशे ने कई परिवारों को प्रभावित किया है और युवाओं के जीवन एवं भविष्य को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने पंजाब के लोगों से बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होकर राज्य को नशामुक्त बनाने के प्रयास में सहयोग करने की अपील की।
श्री चौहान ने पंजाब सरकार पर नशे की समस्या से निपटने में विफल रहने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि अब पंजाब के लोगों को नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के लिए आगे आना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित