जयपुर , फरवरी 17 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कृषि क्षेत्र में एक बहुभाषी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित संवादात्मक परामर्श प्रणाली 'भारत विस्तार' का मंगलवार को जयपुर से राष्ट्रीय शुभारंभ किया।

श्री चौहान ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में यहां राज्य कृषि प्रबंध सस्थान (श्याम), दुर्गापुरा में आयोजित कार्यक्रम में इसका शुभारंभ किया। इस मौके केन्द्रीय कृषि राज्य भागीरथ चौधरी, राजस्थान के कृषि मंत्री डाॅ किरोड़ी लाल मीणा और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित 'भारतविस्तार' एक बहुभाषी, एआई-आधारित संवादात्मक परामर्श प्रणाली है, जो देश के किसानों को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कृषि संबंधी समग्र सेवायें उपलब्ध कराएगी। यह पहल कृषि क्षेत्र में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) के रूप में विकसित की गयी है, जिसका उद्देश्य किसानों की उत्पादकता बढ़ाना, लागत कम करना और जोखिम को न्यूनतम करना है।

'भारतविस्तार' प्रणाली को एग्रीस्टेक तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के संसाधनों के साथ एकीकृत किया गया है। इसके अतिरिक्त यह विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य कृषि योजनाओं, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी), मंडी मूल्यों एवं राज्य स्तरीय डिजिटल प्रणालियों से जुड़कर किसानों को एक ही स्थान पर सटीक एवं अद्यतन जानकारी प्रदान करेगा।

इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसानों को फसल आधारित वैज्ञानिक परामर्श, रीयल-टाइम मंडी मूल्य, मौसम पूर्वानुमान, कृषि ऋण एवं बीमा जानकारी, सरकारी योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन मार्गदर्शन जैसी सेवाएं सरल एवं सुलभ रूप में प्राप्त होंगी। 'भारतविस्तार' के शुभारंभ के साथ ही भारत ने कृषि क्षेत्र में एआई आधारित नवाचार की दिशा में एक नयी मिसाल कायम की है। यह पहल डिजिटल इंडिया के विजन को ग्रामीण भारत तक सशक्त रूप में पहुंचाने की दिशा में एक निर्णायक कदम सिद्ध होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित