देहरादून , सितम्बर 01 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में केन्द्र पोषित राष्ट्रीय कृषि विकास योजना एवं कृषि उन्नति योजना की समीक्षा बैठक में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से उत्तराखण्ड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने राज्य की उपलब्धियों का ब्यौरा दिया। साथ ही उन्होंने प्रदेश में विभिन्न योजनाओं के लिए बजट जारी करने का अनुरोध किया।

श्री सिंह ने कहा कि उत्तराखण्ड को केन्द्रपोषित कृषि उन्नति योजना के अन्तर्गत आवंटित धनराशि 109.02 करोड़ के सापेक्ष 54.51 करोड़ की प्रथम स्वीकृत की गयी थी तथा द्वितीय के रूप में 40 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की जा रही है। साथ ही राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अन्तर्गत उत्तराखण्ड को आवंटित धनराशि 191.55 करोड़ के सापेक्ष 95.77 करोड़ की स्वीकृत की गयी थी तथा द्वितीय किश्त के रूप में 65.70 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की जा रही है। इस प्रकार उत्तराखण्ड को 106.67 करोड़ की द्वितीय किश्त स्वीकृत की जा रही है।

उन्होंने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अन्तर्गत जैविक कृषि कार्यक्रम के लिए उत्तराखण्ड को सात करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने तथा फार्म फेसिंग के लिए राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अन्तर्गत पृथक से बजट स्वीकृत किये जाने का आश्वासन दिया।

बैठक में कृषि महानिदेशक डाॅ. आनन्द श्रीवास्तव, निदेशक कृषि दिनेश सिंह, डाॅ. रतन कुमार, डाॅ. सुरेश राम, महेन्द्र पाल उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित