बागपत , जुलाई 29 -- श्रावण मास की शुरुआत के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी आस्था यात्राओं में शामिल उत्तर प्रदेश में बागपत के परशुरामेश्वर पुरा महादेव कांवड़ यात्रा और ऐतिहासिक मेले का आगाज गुरुवार से होने जा रहा है। लाखों शिवभक्तों के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस बार सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, यातायात और जन सुविधाओं की ऐसी बहुस्तरीय व्यवस्था तैयार की है, जिसमें श्रद्धालुओं को अधिकतम सुविधा मिले।
बुधवार को बागपत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने सभी विभागों, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा नोडल अधिकारियों के साथ घंटों चली समीक्षा बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि कांवड़ यात्रा केवल कानून-व्यवस्था का नहीं, बल्कि सेवा और समन्वय का भी महापर्व है।
प्रशासन की रणनीति इस बार यात्रा के प्रत्येक चरण को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने पर केंद्रित है। बैठक में पेयजल, बिजली, पार्किंग, चिकित्सा, सफाई, खाद्य सुरक्षा, परिवहन, संचार, पुलिस व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित प्रत्येक व्यवस्था की अलग-अलग समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर समन्वय की कमी नहीं दिखनी चाहिए और प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह उत्तरदायी रहेगा।
प्रशासन का विशेष फोकस 3 अगस्त को पड़ने वाले पहले सोमवार पर रहेगा, जब सबसे अधिक संख्या में शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहले सोमवार को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
इस बार कांवड़ यात्रा में प्रशासन की डिजिटल पहल भी श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत बनी है। सूचना विभाग द्वारा विकसित क्यूआर आधारित 'कांवड़ यात्रा एप' को पूरे कांवड़ मार्ग पर उपलब्ध कराया गया है। श्रद्धालु कांवड़ यात्रा एप के क्यूआर कोड को स्कैन कर अपने मोबाइल पर कंट्रोल रूम, आपातकालीन हेल्पलाइन, मेडिकल, पुलिस सहायता, फायर स्टेशन, पार्किंग, शौचालय, पेयजल, चिकित्सा शिविर और अन्य आवश्यक सेवाओं की जानकारी तत्काल प्राप्त कर सकेंगे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए इस बार चिकित्सा व्यवस्था को काफी मजबूत बनाया गया है। कांवड़ मार्ग पर 15 निजी अस्पतालों को चिन्हित किया गया है, जो चौबीसों घंटे उपचार के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और मेला क्षेत्र में मेडिकल टीमों की तैनाती रहेगी। विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों पर अतिरिक्त बेड, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक दवाएं और मेडिकल उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस भी लगातार सक्रिय रहेंगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए सभी विद्युत पोल, लाइन और ट्रांसफार्मरों की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जहां आवश्यक होगा वहां वैकल्पिक बिजली व्यवस्था और जनरेटर भी उपलब्ध रहेंगे। विद्युत लाइनों के नीचे किसी भी शिविर की अनुमति नहीं दी जाएगी। खुले तारों और लोहे के ढांचों को सुरक्षित बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि करंट जैसी घटनाओं की संभावना पूरी तरह समाप्त की जा सके। इसी प्रकार पेयजल व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी हैंडपंपों की मरम्मत, पानी की टंकियों और पाइपलाइन की जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। मेला क्षेत्र और कांवड़ मार्ग पर चौबीसों घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी टीमें लगातार उपलब्ध रहेंगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया गया है। पूरे मेला क्षेत्र और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। पुलिस पेट्रोलिंग, डायल-112, वायरलेस संचार व्यवस्था, बम निरोधक दस्ता, अग्निशमन दल और भीड़ नियंत्रण टीमों को सक्रिय रखा जाएगा। इस बार 100 सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों को भी प्रशासन ने जिम्मेदारी दी है। वहीं संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। महिला कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और किसी भी विवाद, अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इतने बड़े आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए मेला क्षेत्र और कांवड़ मार्ग को कई सुपर जोन, जोन और सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी तथा संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी तैनात रहेंगे। इनके अतिरिक्त रिजर्व मजिस्ट्रेट और रिजर्व स्टाफ भी रखा गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत अतिरिक्त व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
पूरे आयोजन की निगरानी के लिए पूरे समय कंट्रोल रूम संचालित होगा। यहां से सभी जोन और सेक्टरों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा। किसी भी सूचना, दुर्घटना, चिकित्सा आपातस्थिति या कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अलर्ट किया जाएगा। वायरलेस नेटवर्क के माध्यम से प्रत्येक अधिकारी को एक-दूसरे से लगातार जोड़े रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना प्रशासनिक अनुमति के कोई भी कांवड़ शिविर संचालित नहीं होगा। शिविरों में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता और सुरक्षा मानकों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। शिविरों में सेवा की भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित