शिवपुरी , फरवरी 15 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के अनुविभागीय मुख्यालय करेरा में अधिवक्ता संजय सक्सेना की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आज पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार एवं कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने शाम को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में पपेंद्र रावत निवासी ग्राम चांदपुर जिला ग्वालियर, जहीर खान एवं राजकुमार उर्फ गोलू रावत निवासी ग्राम घुंघसी जिला दतिया तथा सुनील शर्मा एवं कमलेश शर्मा निवासी जिला शिवपुरी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कल दोपहर करेरा के निकट अधिवक्ता संजय सक्सेना की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्हें मोटरसाइकिल से नीचे गिरा देख अन्य अधिवक्ताओं ने पास जाकर देखा, जहां गोली लगने के निशान पाए गए। सूचना मिलने पर उनके छोटे भाई कुलदीप सक्सेना ने करेरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें शासकीय अस्पताल करेरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
फरियादी द्वारा दी गई रिपोर्ट में बताया गया था कि सुनील शर्मा, कमलेश शर्मा एवं नीरज शर्मा से खेती की जमीन के कब्जे और पंचायत चुनाव को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने सुनील शर्मा एवं कमलेश शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बताया कि रंजिश के चलते सचिन रावत को 10 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी गई थी तथा दो लाख रुपये अग्रिम दिए गए थे। शेष राशि वारदात के बाद देना तय हुआ था।
पुलिस ने तत्परता से विभिन्न टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की। आज सूचना मिली कि चिरली तिराहे के पास गौशाला के निकट कुछ संदिग्ध व्यक्ति देखे गए हैं। पुलिस पहुंची तो तीन लोग मोटरसाइकिल से भागने लगे। रोकने और आत्मसमर्पण के लिए कहने पर आरोपियों ने पुलिस दल पर फायरिंग की।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पपेंद्र रावत के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल करेरा में भर्ती कराया गया है। शेष दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने प्रकरण में पांच आरोपियों पपेंद्र रावत, राजकुमार उर्फ गोलू रावत, जहीर खान, सुनील शर्मा और कमलेश शर्मा को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित